अमेठी। जनपद में किसानों एवं युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। यह ज्ञापन अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के निर्देश पर दिया गया, जिसमें धान एवं गेहूं खरीद में हो रही अनियमितताओं, किसानों को हो रहे नुकसान तथा युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।ज्ञापन में कहा गया कि खरीद केंद्रों पर व्याप्त अव्यवस्था, भ्रष्टाचार एवं देरी के कारण किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर नहीं मिल पा रहा है। इससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं, हाल ही में बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल सका है।इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) अमेठी ने आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ) के प्रस्तावित स्थानांतरण का कड़ा विरोध दर्ज कराया।read more:https://worldtrustednews.in/sahitya-chetna-samaj-holds-condolence-meeting-on-the-demise-of-swara-samragini-asha-bhosle-pays-heartfelt-tribute/ जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस निर्णय से स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे और भर्ती प्रक्रिया में मिलने वाली सुविधाएं समाप्त हो जाएंगी।जिला कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ अमेठी के जिलाध्यक्ष सूर्यभान तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी संजय चौहान को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गेहूं खरीद केंद्रों की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके। साथ ही ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का निष्पक्ष सर्वे कराकर शीघ्र राहत धनराशि वितरित की जाए।सूर्यभान तिवारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी तरीके से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी किसानों और युवाओं की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाने के लिए संकल्पित है। चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान कपिल पाण्डेय, अशोक कुमार तिवारी, बीपी मिश्रा, वंशराज सिंह, उत्तम मौर्य, रमाकांत यादव, हरिजीत, ध्रुव कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।