पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार 

Share
शेरकोट । शनिवार को हाईवे के निकट चकरोड पर मिले वृद्ध महिला के शव प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के  24 घण्टे के भीतर ही मुठभेड़ के दौरान हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया ।घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बतादें कि शनिवार की सुबह जब कुछ महिलाएं खेत पर जा रही थी तो उन्हें हाईवे से लगभग 200 मीटर दूरी पर चकरोड पर एक वृद्धा का शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था।शव की शिनाख्त कालागढ़ निवासी 70 वर्षीय कश्मीरी पत्नी रामवीर सिंह के रूप में हुई थी।मृतका के पुत्र रामनिवास ने अपनी मां की हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जीशान पुत्र शराफत निवासी नहटौर का नाम प्रकाश में आने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने बताया कि उसने लूट के इरादे से महिला को कमाल आईज हॉस्पिटल से लिफ्ट देकर शेरकोट स्थित सिंघाई के पुलिया के निकट लूट का प्रयास किया लेकिन वृद्धा के विरोध करने पर उसने पत्थर से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी हेतु जब पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुँची तो आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया।आत्मरक्षा हेतु पुलिस द्वारा की गई जबाबी कार्यवाही में आरोपी के पैर में गोली लगी।जिसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु भेजा गया।पुलिस ने मौके से मृतका का मोबाइल फ़ोन,दो हजार रुपये,एक अवैध तमंचा 315 बोर मय खोखा व आलाकत्ल पत्थर व घटना में प्रयुक्त  बाइक बरामद की।पुलिस टीम में थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सहित एसआई योगेश कुमार,एसआई मोहित कुमार,मुख्य आरक्षी प्रदीप यादव,संदीप कुमार,यशवीर राठी व अंकुर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *