भदोही। थाना ज्ञानपुर क्षेत्र में शनिवार को लखनो तिराहा के पास यातायात चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि पास के गेहूं के खेत में आगलग गई है। मौके की गंभीरता को देखते हुए यातायात प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बिना देरी किए अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर अथक प्रयास करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त करते हुए फायर ब्रिगेड को भी सूचित कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित, साहसिक और मानवीय कार्यवाही के फलस्वरूप किसान की लाखों रुपये की बहुमूल्य गेहूं की फसल बच गई। यदि पुलिस टीम समय पर नहीं पहुँचती तो तेज हवा के कारण आग बड़े क्षेत्र में फैलकर भारी तबाही मचा सकती थी। स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने भदोही पुलिस की इस तत्परता की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने केवल ड्यूटी ही नहीं निभाई, बल्कि संकट की इस घड़ी में आम किसान के साथ खड़े होकर एक ज्वलंत उदाहरण पेश किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के कुशल नेतृत्व में भदोही पुलिस निरंतर जनसेवा, आपदा प्रबंधन और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती से प्रदर्शित कर रहा है।