लखनऊ। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कैंपस में संचालित 13 स्कूलों के 175 कोर्सों में अकादमिक सत्र 2026-27 में ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय की डीन ऐकडेमिक प्रो.बृष्टि मित्रा के अनुसार परिसर में संचालित कुल कोर्सों में से 18 में प्रवेश विभिन्न प्रकार की प्रवेश परीक्षा के जरिये होगा। यूआईईटी की सभी ब्रांचों में प्रवेश जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन के जरिए, फार्मेसी में GPAT ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट के जरिये, बीएड में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम के जरिये, इंटीग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम साइंस एंड आर्ट्स में NTA के जरिये जबकि अन्य कोर्सों मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन, मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, एमए क्लिनिकल साइकोलॉजी, बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी, एमएड,बीफार्मा में विश्वविद्यालय के द्वारा करायी जाने वाली प्रवेश परीक्षा के जरिये प्रवेश होगा। वहीं 157 कोर्सों में मेरिट बेस डायरेक्ट एडमिशन में पर्सनल इंटरव्यू व कुछ कोर्सों में ग्रुप डिस्कशन के जरिये प्रवेश होगा।विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ.दिवाकर अवस्थी ने बताया कि छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.csjmu.ac.in के होमपेज पर दिये गये लिंक के जरिये ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण वाले वेबपेज पर एडमिशन ब्रोशर भी दिया गया है जिसमें सभी 13 स्कूलों के 175 कोर्सों में सीटों की संख्या, फीस, कोर्स कोऑर्डिनेटर का नाम और मोबाइल नंबर सहित विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण करते समय फ़ोटो, साइन, शैक्षणिक व व्यक्तिगत जानकारी के साथ 300 रूपये ऑनलाइन फीस जमा करके पंजीकरण पूरा कर सकेंगे। छात्र अन्य जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट के जरिए सीधे संबंधित विभागों से भी संपर्क कर सकते हैं।