सलीम अहमद गाजीपुर। जमानिया क्षेत्र के वीर सपूत शहीद कैप्टन प्रशांत चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करने राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत उनके पैतृक आवास पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके अदम्य साहस, पराक्रम एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को भावपूर्ण शब्दों में स्मरण किया।राज्यसभा सांसद ने कहा कि कैप्टन प्रशांत चौरसिया ने अपने साथियों की रक्षा करते हुए मातृभूमि के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, वह न केवल गाजीपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनका यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश ऐसे वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।डॉ. संगीता बलवंत ने आगे कहा कि हमारे सैनिकों की वीरता और समर्पण के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और हम सभी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। शहीदों की कुर्बानी ही राष्ट्र की असली ताकत है, जिसे हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे वीर सपूतों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।इस भावुक क्षण में शहीद कैप्टन प्रशांत चौरसिया के माता-पिता, भाई-बहन की आंखें नम हो गईं। राज्यसभा सांसद भी स्वयं को भावुक होने से नहीं रोक सकीं। हालांकि यह आंसू गर्व और सम्मान से भरे हुए थे, जो एक वीर सपूत के बलिदान की महानता को दर्शा रहे थे। परिवार के सदस्यों ने सांसद के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें संबल प्रदान करता है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया। इस अवसर पर डॉ. अवधेश बिंद, रामनिवास गुप्ता, शशिकांत गुप्ता, संतोष कुमार शर्मा, पुनित कुमार गुप्ता, वेंकटेश्वर जायसवाल, गोपाल जायसवाल, सचिन वर्मा, ग्राम प्रधान नंदू प्रताप, ग्राम प्रधान श्लोक बिंद, पूर्व प्रधान राजेश बिंद, मनोज, तेज प्रकाश, ऋषिकेश, पंकज तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समूचे क्षेत्र में शहीद कैप्टन प्रशांत चौरसिया के प्रति गहरा सम्मान और गर्व का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक स्वर में कहा कि उनका बलिदान सदैव अमर रहेगा और देश की सेवा के लिए प्रेरणा देता रहेगा।