डिग्घी चन्दौली बनी चैंपियन, फाइनल में एफसीसी गाजीपुर को 17 रन से हराया

Share

सलीम अहमद  गाजीपुर जमानियां। क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित राजकिशोर सिंह महाविद्यालय के खेल मैदान में बबुआन स्पोर्टिंग क्लब के तत्वाधान में आयोजित नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला शनिवार की रात खेला गया। फाइनल में डिग्घी चन्दौली और एफसीसी गाजीपुर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें डिग्घी चन्दौली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिग्घी चन्दौली की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 65 रन बनाए और एफसीसी गाजीपुर के सामने 66 रन का लक्ष्य रखा। टीम के बल्लेबाजों ने संयमित खेल दिखाते हुए अहम रन जोड़े, जिससे मुकाबला रोमांचक बन गया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी एफसीसी गाजीपुर की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन डिग्घी चन्दौली के गेंदबाजों और सटीक क्षेत्ररक्षण के सामने उनकी पारी लड़खड़ा गई। पूरी टीम 6 ओवर में मात्र 48 रन बनाकर ऑल आउट हो गई, जिससे डिग्घी चन्दौली ने 17 रन से शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए डिग्घी चन्दौली के खिलाड़ी राजेश को मैन ऑफ द मैच तथा राहुल को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि युवा सपा नेता रितेश सिंह एवं प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं समाजसेवी दिलीप सिंह ने उपविजेता टीम एफसीसी गाजीपुर को कप एवं नगद राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल प्रतिभा को निखारने का माध्यम है, बल्कि यह क्षेत्रीय एकता और आपसी सामंजस्य को भी मजबूत करता है। खेल के माध्यम से खिलाड़ी कम समय में ऊंचाइयों तक पहुंचकर अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक रणविजय सिंह, सभासद प्रमोद यादव, शिक्षक प्रभाकर सिंह, भरत सिंह, राकेश सिंह ‘मंटू’, एडवोकेट पंकज सिंह, विनय सिंह ‘बिट्टू’, जयप्रकाश सिंह ‘पप्पू’, भरत सिंह (बीडीसी), सोनू सिंह, मेराज खां, सुमित सिंह, निशांत सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मैच में निर्णायक की भूमिका अभिषेक सिंह ‘बंटी’ और अमित सिंह ‘गोलू’ ने निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *