बहराइच ( नानपारा । तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जहां क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया।समाधान दिवस के दौरान कुल 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।प्राप्त शिकायतों में पुलिस, विकास, समाज कल्याण, कृषि, विद्युत एवं नगर पालिका विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे। एसडीएम ने प्रत्येक प्रार्थना-पत्र पर स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर निष्पक्ष एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संपूर्ण समाधान दिवस को उन्होंने आम नागरिकों के विश्वास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है।