बहराइच ( रूपईडीहा )l बीआईटी चेक पोस्ट पर 175 कार्टन माउंटेन ड्यू बरामद, वाहन सहित कस्टम को सौंपा गया l
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने अवैध रूप से नेपाल ले जाई जा रही कोल्ड ड्रिंक की बड़ी खेप को जब्त किया है। यह कार्रवाई रूपैडिहा स्थित बीआईटी जांच चौकी पर नियमित चेकिंग के दौरान की गई।
कमांडेंट गिरीश चंद पाण्डेय के सतत पर्यवेक्षण एवं उप कमांडेंट (प्रचालन) दिलीप कुमार के निर्देशन में रात करीब 9:45 बजे जांच के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन चालक ने पहले रुकने के संकेतों की अनदेखी करते हुए बैरिकेड पार कर लिया, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 50 मीटर आगे रोक लिया।
पूछताछ में वाहन चालक राम बकस पुत्र चंगू ने बताया कि वह कोल्ड ड्रिंक की खेप लेकर नेपाल जा रहा था, जो पिंटू प्रधान की बताई गई। जांच के दौरान चालक कोई भी वैध सीमा शुल्क (कस्टम) दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। हालांकि उसके पास एक बिल मौजूद था, लेकिन कस्टम विभाग द्वारा प्रमाणित कोई अधिकृत क्लीयरेंस नहीं मिला।
भौतिक जांच में वाहन (संख्या UP31T8262, महिंद्रा बोलेरो) में 175 कार्टन माउंटेन ड्यू कोल्ड ड्रिंक पाई गई। प्रत्येक कार्टन में 9 बोतलें थीं, इस प्रकार कुल 1575 बोतलें (प्रत्येक 2.25 लीटर) बरामद हुईं।
एसएसबी ने वाहन सहित पूरी खेप को जब्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय रूपैडिहा को सौंप दिया है। इस कार्रवाई से सीमा पार अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने में सुरक्षा बलों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।