सोनभद्र। ओबरा तहसील क्षेत्र में आयोजित तहसील दिवस के दौरान मजदूरों के शोषण का मामला जोर-शोर से उठाया गया। दुसान कंपनी के सप्लायर ओम कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता और न ही किसी प्रकार का बोनस दिया जाता है।
मजदूरों ने बताया कि जब वे अपनी मेहनत की कमाई मांगते हैं तो कंपनी के जिम्मेदार लोग उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। इसको लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी क्रम में अपना दल (एस) के जिला सचिव मजदूरों के साथ ओबरा तहसील पहुंचे और जोरदार विरोध दर्ज कराया। उन्होंने एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मजदूरों के शोषण पर तत्काल कार्रवाई की जाए और बकाया मजदूरी का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष शिवदत्त दुबे ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से संबंधित कंपनी की जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा हो सके।तहसील दिवस पर उठे इस गंभीर मुद्दे को प्रशासन ने संज्ञान में लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।