बाराबंकी। कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति व जनजाति विभाग ने उत्तर प्रदेश में गांवों तक संगठन को मजबूत करने की योजना तैयार की है। जिसको लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति व जनजाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम ने बीते शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य और जिला अध्यक्ष के रूप में अस्थायी रूप से नियुक्त किया है। इस नियुक्ति में दलितों की आवाज कहे जाने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता विजयपाल गौतम को पुनः पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जिसकी घोषण पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम ने की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठन और मजबूत होगा तथा पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। श्री गौतम का कहना है कि संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों के प्रदर्शन और संगठनात्मक कार्य की अगले तीन महीनों में समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद उनकी स्थायी नियुक्ति उनके प्रभावशीलता, प्रतिबद्धता, और संगठन के प्रति योगदान के आधार पर विचार की जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी से ज्यादा से ज्यादा दलितों को जोड़ने के लिए गांवों में भी संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा जाति आधारित गणना होने के बाद उसके उत्तर के आधार पर कांग्रेस की सरकार वाले राज्यों में दलित और गरीबों के लिए सबसे पहले योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दलित व गरीबों के बच्चों की पढ़ाई के लिए गांवों में स्कूल खोले थे, लेकिन भाजपा सरकार स्कूलों को बंद कर दलित और गरीबों के बच्चों को पढ़ाई से वंचित रखना चाहती है। इस नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद तनुज पुनिया के प्रति आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक निष्ठावान और अनुभवी नेता को जिले की कमान सौंपी गई है, जिससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजयपाल गौतम ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उस पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास करूंगा। उन्होंने दलित समाज को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का आहवाहन किया। साथ ही आमजन के बीच पार्टी की विचारधारा का प्रचार प्रसार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही सभी वर्गाे के विकास में योगदान करने वाला दल है। जबकि भाजपा मात्र जात-पात और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है। भाजपा शासन में दलित उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही है। दलित समाज को अपने हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा।