अजीत विक्रम गाजीपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शादियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर दुकानदारों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से वसूले गए 13 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को शादियाबाद चौराहे पर कुछ व्यक्तियों द्वारा खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर दुकानदारों से डर दिखाकर पैसे वसूलने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम सक्रिय हुई और जांच के दौरान शनिवार 4 अप्रैल को उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय व उनकी टीम ने चेकिंग के दौरान ग्राम तड़ना टप्पा सोरी से तीनों आरोपियों को धर दबोचा।गिरफ्तार अभियुक्तों में रामा नन्द प्रसाद निवासी सादात, देवा उर्फ लखन्दर पटेल निवासी सुदबल वाराणसी और रवि पटेल निवासी लहरतारा वाराणसी शामिल हैं। तलाशी के दौरान रामा नन्द के पास से 3000 रुपये, देवा उर्फ लखन्दर के पास से 5000 रुपये और रवि पटेल के पास से 5000 रुपये बरामद किए गए, जो दुकानदारों से अवैध रूप से वसूले गए थे।पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे फर्जी अधिकारियों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दे।