महराजगंज तराई (बलरामपुर)बरहवां रेंज क्षेत्र के लैबुडवा गांव के निकट सड़क किनारे लगे एक हरे पेड़ के अवैध कटान का मामला सामने आया है। पेड़ किस भूमि पर था इसकी जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही गई है।बताया गया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क पटरी के पास स्थित कीमती पेड़ को अज्ञात लोगों द्वारा काटा गया है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। हल्का लेखपाल श्रीनिवास ने बताया कि ग्राम प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि पेड़ ग्राम समाज की भूमि पर था या सड़क पटरी की भूमि पर इसकी जांच की जा रही है। ग्राम प्रधान रामकेवल यादव ने बताया कि हल्का लेखपाल श्रीनिवास द्वारा 8 बोटा लकड़ी व जलौनी उन्हें सुपुर्द की गई है जिसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया जा रहा है। ग्रामीण हेमंत पाण्डेय, रामबुझारत वर्मा, अशोक वर्मा व श्याम बिहारी मिश्र ने बताया कि गांव के निकट ग्राम समाज की भूमि है जहां विभिन्न प्रजाति के पेड़ लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि काटा गया पेड़ काफी मोटा था और मुख्य रास्ते पर गिरने से घंटों तक आवागमन बाधित रहा। मामले में प्रशासन द्वारा जांच तेज कर दी गई है और भूमि की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की बात कही गई है।बनकटवा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सत्रोहन लाल ने बताया कि मौके की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पेड़ छूट प्रजाति का था अथवा नहीं इसके आधार पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।