बेला (औरैया)। कस्बे में शनिवार को बिजली विभाग द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान से बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने अभियान के दौरान करीब 2 लाख रुपये का राजस्व वसूला, जबकि बकाया बिल जमा न करने वाले 30 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए।अभियान के तहत टीम ने विभिन्न मोहल्लों में जांच कर उन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की, जो लंबे समय से बिल का भुगतान नहीं कर रहे थे या अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। कई उपभोक्ताओं को मौके पर ही बकाया जमा कराने के निर्देश दिए गए।इस दौरान अवर अभियंता वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने सख्ती दिखाते हुए बार-बार चेतावनी के बावजूद भुगतान न करने वालों के कनेक्शन विच्छेदित किए।अवर अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग का उद्देश्य बिजली चोरी पर रोक लगाना और राजस्व वसूली बढ़ाना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।