गाज़ीपुर पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता हेतु “सशक्तिकरण दौड़” को विकास भवन चौराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।मा0 मुख्यमंत्री, उ0प्र0 सरकार के निर्देशानुसार आज दिनांक 28-03-2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)/क्षेत्राधिकारी लाइन के नेतृत्व में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने तथा वैचारिक एवं व्यवहारिक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से यह जागरूकता रैली आयोजित की गई। इस दौरान महिला संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया।जनपद गाजीपुर में मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस “सशक्तिकरण दौड़” में महिला पुलिसकर्मियों के साथ अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं विद्यालयों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा के प्रति जनपद पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया।विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा एवं सुरक्षा उपायों के प्रति प्रशिक्षित किया जा रहा है। जनपद पुलिस द्वारा यह भी संदेश दिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में सुरक्षा, विश्वास एवं सम्मान का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों का एक प्रमुख कारण अशिक्षा है। उन्होंने सभी से बेटियों को शिक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित एवं आत्मनिर्भर महिलाएं ही समाज को सशक्त बनाती हैं। साथ ही, उन्होंने महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनकर आत्मनिर्भर बन सकें।मिशन शक्ति 5.0 संबंधी शासन के विशेष निर्देश महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले अपराधियों को त्वरित एवं कठोर सजा दिलाने हेतु प्रभावी पैरवी की जाए।महिला बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए सभी महिलाओं तक पुलिस की सीधी पहुँच सुनिश्चित की जाए।एंटी रोमियो स्क्वॉड/महिला सुरक्षा दल को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।सभी थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क सक्रिय रहकर महिलाओं/बालिकाओं की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें।समस्त थानों पर ‘मिशन शक्ति केंद्र’ की स्थापना महिला सुरक्षा संबंधी सभी पुलिस सेवाओं को एकीकृत करते हुए प्रत्येक थाने पर ‘मिशन शक्ति केंद्र’ स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से महिला हेल्प डेस्क, बीट पुलिसिंग, एंटी रोमियो स्क्वॉड तथा 1090, 181, 112 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं का समन्वय कर महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी। इससे शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित होगा।अधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपालों का आयोजन कर गाँव-मोहल्लों में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।रैली के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन, CWC सदस्य, प्रतिसार निरीक्षक, मिशन शक्ति सेल प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।