शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर से अनपरा के बीच रेलवे ओवरब्रिज और फाटक की व्यवस्था न होने से हजारों ग्रामीणों की जिंदगी रोज खतरे में पड़ रही है। कोहरौलिया नकटी टोला, घरसड़ी के पहाड़ी टोला समेत आसपास के कई गांवों के लोग मजबूरी में ट्रेन के नीचे और ऊपर से चढ़कर रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं। एनसीएल खदानों से बिजली घरों तक कोयला ढोने वाली मालगाड़ियां अक्सर सिग्नल के इंतजार में ट्रैक पर खड़ी रहती हैं। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। चार-चार रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी ओर जाने वाले ग्रामीण घंटों फंसे रहते हैं, जिसके चलते उन्हें जान जोखिम में डालकर खड़ी ट्रेन के नीचे या ऊपर से गुजरना पड़ता है। इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित मिसिरा, भैरवा, कोहरौलिया का नकटी टोला, घरसड़ी का आजाद नगर और जमशीला सीएचपी बस्ती के लोग हैं। सुबह-शाम स्कूली बच्चों और मजदूरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार तो समय पर स्कूल और काम तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस खतरनाक स्थिति के कारण अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, बावजूद इसके रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी कई बार ओवरब्रिज या रेलवे फाटक की मांग उठाई गई, लेकिन मामला अब तक फाइलों में ही अटका हुआ है। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द रेलवे ओवरब्रिज या फाटक निर्माण की मांग की है, ताकि आए दिन हो रहे हादसों पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।