मेला में जेवर चोरी गिरोह सक्रिय, पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान

Share

शक्तिनगर, सोनभद्र। थाना क्षेत्र में ज्वालामुखी मंदिर मेले के दौरान जेवर चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना से पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने शिकायत की है कि भीड़ का फायदा उठाकर कुछ शातिर महिलाएं जेवर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही हैं। सूचना के अनुसार यह गिरोह ट्रेन के माध्यम से शक्तिनगर पहुंचता है और मेले की भीड़ में शामिल होकर खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाता है। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर जेवर चोरी कर मौके से फरार हो जाता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शक्तिनगर थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे अलर्ट मोड पर आ गए हैं। उन्होंने पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन और मेला परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है। सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि ऐसे गिरोहों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले में सावधानी बरतें, भीड़भाड़ में अपने जेवर और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *