भेटुआ/अमेठी। भेंटुआ विकासखंड के हारीपुर स्थित मां देवीपाटन भवानी मंदिर में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।अष्टमी के अवसर पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में मां के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना और आरती का क्रम चलता रहा। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।
इस दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व होने के चलते क्षेत्र में जगह-जगह कन्या भोज का आयोजन किया गया। छोटी बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन कर भोजन, वस्त्र व उपहार दिए गए।अष्टमी और नवमी तिथि एक साथ पड़ने से कुछ श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति भी रही, फिर भी दोनों दिन पूजा-अर्चना का विशेष महत्व बताया गया। वहीं नवरात्रि समापन को लेकर घरों और मंदिरों में हवन व कलश पूजन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन व पुलिस मुस्तैद रही, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।