अमेठी। रामनगर स्थित सती महारानी मंदिर परिसर में गुरुवार को नवरात्रि अष्टमी के अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ अमीता सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजय सिंह द्वारा कन्या पूजन व कन्या भोज का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कन्याएं भोज में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ अमीता सिंह ने सती माता के विधिवत पूजन-अर्चन से की। इसके बाद उन्होंने नौ कन्याओं व एक भैरव का विधि-विधान से पूजन कर आरती उतारी। पूजन के उपरांत आयोजित कन्या भोज में उन्होंने स्वयं अपने हाथों से कन्याओं को भोजन परोसा और उनका आशीर्वाद लिया।डॉ अमीता सिंह ने कहा कि उन्होंने नवरात्रि के पावन अवसर पर अमेठी के लोगों के सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि वह और डॉ संजय सिंह हमेशा क्षेत्र की खुशहाली और सुरक्षा के लिए प्रयासरत रहते हैं तथा अमेठी के उज्ज्वल भविष्य के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं व क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे और उन्होंने डॉ अमीता सिंह से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।