गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगसर हाल्ट पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। दिनांक 25 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद मय हमराह टीम द्वारा गगरन नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी, तभी मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर सरहुला चट्टी से दिलदारनगर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध स्कार्पियो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।पुलिस को देखते ही वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब स्कार्पियो वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर पीछे की सीट पर कुल 42 पेटी देशी शराब लदी हुई मिली। जांच के दौरान एक पेटी खोलकर देखने पर उसमें 45 पाउच पाए गए, जिन पर ब्ल्यू लाईम ब्रांड की देशी शराब मसाला, 200 एमएल मात्रा और 36 प्रतिशत तीव्रता अंकित थी।बरामद शराब की कुल मात्रा 378 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 41 हजार 750 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से सफेद रंग की स्कार्पियो वाहन संख्या UP80BR9345 को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।इस संबंध में थाना नगसर हाल्ट पर मु0अ0सं0 11/2026 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई को उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद और उनकी टीम ने अंजाम दिया।