कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र के संगीसियापुर गांव में उस समय तनाव फैल गया, जब कुछ अराजक तत्वों ने भीमराव अंबेडकर (बाबा साहब) की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान गांव में चल रही बौद्ध कथा में भी हंगामा हो गया।बताया जा रहा है कि बौद्ध कथा के दौरान कथा वाचक मिलन बौद्ध समेत अन्य लोगों के साथ आरोपियों ने मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और अकबरपुर तहसीलदार, एडीएम प्रशासन समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात को देखते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।वहीं मौके पर पहुंचे धनीराम पैंथर और कुलदीप शंखवार, जो बौद्ध कथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे, उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन लोगों से संयम बरतने की अपील कर रहा है।