गाजीपुर जमानियां। कस्बा बाजार स्थित मदर टेरेसा हॉस्पिटल के पास, डॉ. गजानंद सिंह के मकान से सटा हुआ जर्जर बिजली पोल स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। यह पोल पूरी तरह सड़कर एक ओर झुक चुका है और किसी भी समय गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे बड़े हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बिजली पोल न केवल कभी भी धराशायी हो सकता है, बल्कि करंट फैलने की भी संभावना बनी रहती है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले राहगीर, दुकानदार, बच्चे और बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग हमेशा दहशत में रहते हैं। यदि यह पोल गिरता है तो न सिर्फ बिजली आपूर्ति बाधित होगी, बल्कि जान-माल की हानि भी हो सकती है।बताया जा रहा है कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सके हैं। मंगलवार को आशीष कुमार, शशिकांत बर्नवाल, हेमंत कुमार सहित कई बिजली उपभोक्ताओं ने विरोध जताते हुए पोल को तत्काल बदलने की मांग की।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से मिलकर और समाचार पत्रों के माध्यम से भी इस गंभीर समस्या को उठाया गया, लेकिन विभाग के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। स्थिति यह है कि केबल के सहारे टिका यह खंभा किसी भी समय गिर सकता है।लोगों ने यह भी बताया कि आसपास बंदरों की उछल-कूद से भी पोल के गिरने का खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में यहां खड़ा होना या गुजरना जोखिम भरा हो गया है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर बिजली पोल को नहीं बदला गया तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।स्थानीय उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए नए पोल की स्थापना कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।