फर्रुखाबाद, विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी (क्षय रोग) के उन्मूलन के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं आम नागरिकों से जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने की अपील की।समारोह के दौरान जनपद की 3 वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 8 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को गोल्ड मेडल, 2 वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 68 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सिल्वर मेडल तथा 1 वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 164 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को ब्रॉन्ज मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि इन ग्राम प्रधानों ने अपने क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने में सराहनीय कार्य किया है और अन्य ग्राम पंचायतों को भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने जनपद की सभी 580 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य भी दोहराया।इसके अतिरिक्त टीबी उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 “निश्चय मित्रों” को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद में टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, जांच एवं उपचार संबंधी जानकारी साझा की।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने जनजागरूकता के उद्देश्य से “निश्चय वाहन” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी, ग्राम प्रधान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।