दुद्धी, सोनभद्र। बाह्य न्यायालय दुद्धी का सोमवार को निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अपर जिला जज व इंफ्रास्ट्रक्चर हेड अमित वीर सिंह ने कचहरी परिसर पहुंचकर न्यायालय भवन, कार्यालय, अधिवक्ता चेंबर, बाउंड्री वाल, प्रवेश व निकास द्वार सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने कचहरी की कई गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दुद्धी कचहरी में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस बल बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। साथ ही यह भी मांग रखी गई कि हाथीनाला क्षेत्र के आपराधिक मामलों की सुनवाई भी दुद्धी कचहरी से कराई जाए और मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े मामलों व चालान की सुनवाई यहीं सुनिश्चित की जाए। अधिवक्ताओं ने कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाते हुए न्यायालय के सुचारु संचालन के लिए स्टाफ बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कचहरी परिसर की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए अधिवक्ताओं ने बताया कि पीछे की बाउंड्री क्षतिग्रस्त है और परिसर से बाहरी लोगों का आवागमन बना रहता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर हेड अमित वीर सिंह ने सिविल जज सीनियर डिवीजन तथा सिविल जज जूनियर डिवीजन धीरेन्द्र सोनकर के साथ पूरे परिसर का भ्रमण कर समस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ता व न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।