श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के ’’नव निर्माण के नौ वर्ष’’ के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में नौ दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को कार्यक्रम के छठे दिन डीएम अश्विनी कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, नोडल अधिकारी/एसडीएम प्रवीण यादव, परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार, जिला उद्यान अधिकारी बाली शरण चौधरी ने द्वीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष एवं एसडीएम ने पंचायतीराज विभाग द्वारा नव चयनित नौ पंचायत सहायकों को प्रमाण पत्र व पांच पंचायत सहायकों को उनके उत्कृष्ठ कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा उद्यान विभाग द्वारा पॉच प्रगतिशील कृषकों अवधेश चक्रवर्ती को मशरूम उत्पादन, शैलेन्द्र यादव को बागवानी में केला उत्पादन, चन्द्र प्रकाश पाण्डेय को जैविक सब्जी/ताइवान पिंक अमरूद उत्पादन, रवि प्रकाश त्रिपाठी को ग्लैडियोलस, स्ट्राबेरी उत्पादन एवं सर्वजीत वर्मा को स्ट्राबेरी एवं ड्रैगन फूट उत्पादन हेतु अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के पंजीकृत श्रावस्ती कल्चरल पार्टी एवं श्रीमंत अनाम पार्टी कलाकारों द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित लोकगीतों का प्रस्तुतिकरण कर लोगों का मनमोह लिया। इसी दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ने वहीं पर उपस्थित एक दिव्यांग व्यक्ति को मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल भी प्रदान किया। पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में नौ दिवसीय कार्यक्रम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, महिला कल्याण विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, उद्यान विभाग, कौशल मिशन, आयुष विभाग, पशुपालन विभाग, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाया गया। जिसका जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम जनमानस ने अवलोकन किया तथा सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सुनील प्रियदर्शी, जिला समन्वयक हरिगेन्द्र वर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकगण सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।