हाईटेंशन तार से टकराकर बाज घायल, वन विभाग ने समय रहते बचाया

Share
शेरकोट। रविवार दोपहर नगर के मोहल्ला अचारजान स्थित नर्सरी मैदान के पास उस समय हलचल मच गई, जब एक बाज हाईटेंशन बिजली लाइन से टकराकर अचानक सड़क पर गिर पड़ा। तेज आवाज के साथ पक्षी के गिरते ही राहगीर रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उड़ान भरते समय बाज बिजली के तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरा। सौभाग्य से उस समय सड़क पर यातायात कम था, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया।घायल बाज को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम सक्रिय हो गई। डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह के निर्देशन में वन कर्मी राजेंद्र सिंह और तस्लीम अहमद मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक बाज को रेस्क्यू किया।वन विभाग के अनुसार, बाज की उम्र लगभग एक वर्ष से अधिक है और करंट लगने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने की योजना है।घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और समय पर रेस्क्यू को पक्षी की जान बचाने वाला कदम बताया। साथ ही, लोगों ने खुले बिजली तारों से पक्षियों को होने वाले खतरे पर चिंता भी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *