दलित महिला से मारपीट, घर में घुसकर हमला, जातिसूचक गालियां देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

Share

गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ददरा में एक दलित महिला के साथ मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शनिवार देर शाम आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
ग्राम ददरा निवासी विमला देवी पत्नी स्व. जयहिंद ने बड़हलगंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 20 मार्च 2026 की शाम करीब 8:30 बजे खाने को लेकर हुए विवाद के बाद गांव के ही वीरेंद्र यादव, जोगिंदर यादव, राजाराम यादव और लालमोहन यादव उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करने लगे और मना करने पर मारपीट के लिए आगे बढ़े।पीड़िता का आरोप है कि हमलावर घर के अंदर घुस आए और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते समय आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष सुनिल राय ने बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3), 333 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधित 2015) की धारा 3(1)(द), 3(1)(घ) एवं 3(2)(va) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *