विश्व जल दिवस पर मानसरोवर तालाब में चला वृहद सफाई अभियन

Share
तालबेहट/ललितपुर -विश्व जल दिवस के अवसर पर प्राचीन मानसरोवर तालाब परिसर में वृहद सफाई अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जिला गंगा समिति के तत्वाधान में संपन्न हुआ, जिसमें अविरल गंगे फाउंडेशन की प्रकृति रक्षक टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान प्रकृति रक्षक टीम और स्थानीय नागरिकों ने तालाब से सैकड़ों टन जल कुंभी निकाली तथा आसपास फैली गंदगी को साफ किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जल चौपाल का भी आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों को दैनिक जीवन में जल बचाने के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष पुनीत सिंह परिहार ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है, इसलिए हमें हर स्तर पर जल स्रोतों को बचाने और स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जिला गंगा समिति के परियोजना अधिकारी केतन दुबे ने कहा कि छोटे-छोटे जल स्रोत जैसे तालाब और कुएं ही भूजल स्तर को बनाए रखने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।प्रकृति रक्षक टीम के संयोजक विक्रांत गौर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक और कचरा जल स्रोतों में न डालें, बल्कि स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं।इस दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी प्रभुदयाल यादव, अनुपम लिटोरिया, मिनी अग्निहोत्री, रिया गुप्ता, विशाल रावत, राजेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में परमार्थ सेवा संस्थान के सिद्धगोपाल सिंह और जल सहेलियों ने सभी का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *