गाजीपुर। जनपद के थाना जंगीपुर क्षेत्र अंतर्गत त्रिलोकपुर गांव में बीती रात हुई चोरी/डकैती की घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अज्ञात चोर घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही यादव महासभा का एक प्रतिनिधि मंडल पीड़ित संजय यादव के घर पहुंचा और परिवारजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे महासभा के मार्गदर्शक एवं पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव ने कहा कि जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि चोरों और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बेखौफ होकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल और कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान सिंह यादव ने प्रशासन से मांग की कि घटना का शीघ्र खुलासा करते हुए लुटेरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में विश्वास बहाल हो सके। जिला उपाध्यक्ष सिंहासन यादव और कार्यालय प्रभारी अजय प्रताप यादव ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।प्रतिनिधि मंडल में शामिल अन्य सदस्यों ने भी एक स्वर में कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करती हैं और पुलिस प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।