टिकनापुर में दो पक्षों में मारपीट, दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज

Share
बेला। थाना क्षेत्र के गांव टिकनापुर में बुधवार सुबह करीब नौ बजे दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गये। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करा दिया। मामले में पुलिस ने दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष की ओर से राजेश कुमार पुत्र गिरीश चंद्र निवासी भरतपुर कला, थाना उसराहार जनपद इटावा ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री की शादी वर्ष 2021 में टिकनापुर निवासी रितेश तिवारी से हुई थी। ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उसकी पुत्री को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। 18 मार्च को जब वह परिवार के साथ ससुराल पहुंचा और बातचीत करने लगा, तभी आरोपियों ने लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अनामिका पत्नी जितेश तिवारी निवासी टिकनापुर ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया कि राजेश पांडे व अन्य लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें उसे व परिजनों को चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।दोनों पक्षों के घायलों का उपचार कराया गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *