पोषाहार घोटाले पर खेमपुर में बवाल, जांच टीम का ग्रामीणों ने किया घेराव

Share

सोनभद्र। जनपद के कोन ब्लॉक अंतर्गत खेमपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ा बड़ा पोषाहार घोटाला सामने आया है। आरोप है कि 124 बच्चों का तीन महीने का पोषाहार हजम कर लिया गया, जिससे ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों के मुताबिक नवंबर से जनवरी तक बच्चों को पोषाहार नहीं दिया गया, जबकि विभागीय कागजों में नियमित वितरण दर्शाया जा रहा है। इतना ही नहीं, वितरण रजिस्टर में छेड़छाड़ और पोषाहार को बाजार में बेचने तक के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने कोन ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर खेमपुर गांव भेजा, लेकिन वहां भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जांच टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और करीब चार घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे कलेक्ट्रेट पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब सभी की निगाहें जांच के निष्कर्ष और दोषियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *