सोनभद्र। शक्तिनगर थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी मोड़ रेलवे क्रॉसिंग के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ओवरलोड ट्रेलर से गिरी भारी कोयले की चट्टान की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, राजकिशन कालोनी निवासी 29 वर्षीय अमित कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक से शक्तिनगर से घर लौट रहा था। रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरटेक करने के दौरान अचानक ओवरलोड ट्रेलर से कोयले की भारी चट्टान गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही अनपरा थाना प्रभारी व बीना चैकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो कुंतल से अधिक वजनी कोयले की चट्टान को हटवाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सड़क किनारे चट्टान हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी कंचन देवी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ नंबर के ट्रेलर को तेज गति व लापरवाही से चलाने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।