सलखन फॉसिल्स पार्क का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

Share

सोनभद्र। जिलाधिकारी बीएम सिंह ने शनिवार को सलखन फॉसिल पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा किया। इस दौरान उन्होंने पार्क के पास पार्किंग स्थल, प्राकृतिक म्यूजियम, रिसेप्शन सेंटर, कैंटीन सहित मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि रिसेप्शन सेंटर पर आने वाले आगंतुकों का नाम अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाए तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र तक पहुंचने के लिए अलग मार्ग के निर्माण के निर्देश भी दिए, जिससे व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉसिल पार्क की ओर जाने वाले मार्ग के पास स्थित तालाब के सुंदरीकरण एवं व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि आगंतुकों को आकर्षक एवं मनोहारी दृश्य उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सलखन फॉसिल पार्क में स्थित जीवाश्मों को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, ऐसे में यहां उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि पार्क के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें, जिससे इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को और अधिक विकसित किया जा सके। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज, डीसी मनरेगा, जिला उद्यान अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *