सोनभद्र। जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर समेत समूचे जनपद में शनिवार को भाईचारे के साथ ईद का पर्व मनाया गया। सुबह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में इर्द की नमाज पूरे अकीदत और उल्लास के साथ अदा किया। बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद पर्व की बधाई दी। उधर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुस्जिदों के आस-पास पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती रही।ईद पर्व को लेकर सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में रौनक देखने को मिली। नए परिधानों में सजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में नमाज अदा करने पहुंचे। ईद के पर्व को लेकर खासतौर पर बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और जरूरतमंदों के बीच जकात वितरित कर इंसानियत और बराबरी का संदेश दिया। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस फोर्स चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। म्योरपुर में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सदर अयूब अली, इरफान खान, सलमान, इरशाद, अनवर अली, रियाज आलम, मुस्तफा, इमाम बक्स, मतिन, मो. इलियास, आशिक अली, फिरोज, मुख्तार सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे।