गाजीपुर जमानियां। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस को श्रमदान एवं महिला स्वास्थ्य जागरुकता अभियान एवं ग्राम्य विकास और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित किया गया। प्रातः काल सभी स्वयंसेवक जागने के बाद योग सत्र में शामिल हुए। जिसका संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी द्वारा किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों द्वारा वार्ड नंबर अठ्ठारह में श्रमदान किया गया। और आवासीय क्षेत्र में रहन सहन और स्वच्छता के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत महाविद्यालय सरमोली से हुई। श्रमदान के अग्रिम पंक्ति में स्वयंसेविका अंजली एवं पायल ने अपने साथियों के साथ नारे लगाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। तत्पश्चात् कार्यक्रम के प्रथम सत्र में लोकभारती सेवा संस्थान से पधारे डॉ रणविजय राय द्वारा शिविरार्थियों को ग्रामीण जीवन के उत्थान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आर्गेनिक खेती के बारे में विस्तार से चर्चा की। दोपहर के द्वितीय सत्र में महिला स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत फिजियोथैरेपिस्ट सारिका जायसवाल रीना मौर्या,आर.के.सिंह ,गौरव तिवारी द्वारा महिलाओं से संबन्धित स्वास्थ्य सेनेटरी पैड के उपयोग और उसके निस्तारण पर चर्चा की। फिजियोथैरेपिस्ट सारिका जायसवाल ने वर्तमान समय में खान पान और खराब जीवन शैली के कारण हो महिलाओं के स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसी सत्र में परामर्श चिकित्सक डॉ विजय श्याम पांडेय द्वारा स्वयं सेवकों को कैरियर काउंसलिंग प्रदान की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभिषेक तिवारी ने किया। इस अवसर कार्यक्रम अधिकारी डॉ राकेश कुमार सिंह अतुल कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।