शक्तिनगर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर स्थित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर (दिन-रात) मंगलवार को समाज सेवा एवं जनजागरूकता के संकल्प के साथ सम्पन्न हो गया।समापन समारोह के अवसर पर स्वयंसेवकों ने विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर पारंपरिक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने सात दिवसीय शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा स्वयंसेवकों के सुझावों को स्थानीय प्रशासन तक पहुंचाने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान शिविर में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्वयंसेवक हिमांशु कुमार गुप्ता, अंजना पूर्ति, प्रभा सोंधिया एवं प्रिया कुमारी अग्रहरि को ‘बेस्ट वॉलिंटियर’ सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य स्वयंसेवकों को भी विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह में समाजसेवी अभिषेक द्विवेदी को भी सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयां पिछले तीन वर्षों से चिल्काडांड ग्राम में जनजागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।