सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा की जन चैपाल रविवार को विधानसभा क्षेत्र 401 के ग्राम पंचायत चकरिया में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की प्रमुख मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। जन चैपाल को संबोधित करते हुए संदीप मिश्र ने शासन-प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि तरिया क्षेत्र के विकास के लिए तीन प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने पटवध से पोखरिया होते हुए बसुहारी मार्ग के शीघ्र निर्माण, बरहमोरी में 50 बेड के स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना तथा पूरे क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि इन तीनों मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। साथ ही उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो क्षेत्र में विकास के दावे करते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग स्वर्णिम काल की बात करते हैं, वे यहां आकर दस दिन रहकर अपने परिवार के बच्चों की पढ़ाई और इलाज की व्यवस्था करके दिखाएं। क्षेत्र के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मनोज निषाद, जयश्री निषाद, गिरधारी निषाद, राजू निषाद, विजय निषाद, कमलेश निषाद सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।