जनगणना 2027 के फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारम्भ

Share

सोनभद्र। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत 22 मई से 20 जून तक संचालित होने वाले कार्यों के लिए चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट परिसर स्थित मदन मोहन मालवीय सभागार में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा जॉइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों को संबोधित करते हुए जनगणना 2027 के प्रथम चरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, आवासीय स्थिति तथा सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों का सटीक आकलन किया जाता है। अतः सभी कार्मिक पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के चयनित मास्टर ट्रेनर डा के.एन. उपाध्याय एवं सौरभ सिंह द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना तथा फील्ड स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जनगणना निदेशालय से आई प्रियासा सिंह ने भी जनगणना 2027 के विभिन्न पहलुओं, प्रक्रिया एवं तकनीकी बिंदुओं को विस्तार से समझाया और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *