बहराइच ( कैसरगंज )। थाना हुजूरपुर परिसर में शनिवार को क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के गैस एजेंसी संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर चर्चा की गई।बैठक के दौरान अधिकांश गैस एजेंसी संचालकों ने अधिकारियों को बताया कि उनके गोदामों में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण सामान्य रूप से किया जा रहा है। हालांकि इंडेन गैस एजेंसी हुजूरपुर के संचालक विनोद सिंह ने बताया कि फिलहाल उनके यहां गैस का स्टॉक समाप्त हो गया है, जिसे जल्द ही पुनः उपलब्ध करा दिया जाएगा।बैठक में मौजूद अधिकारियों ने सभी एजेंसी संचालकों को आश्वस्त किया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग मिलता रहेगा।
साथ ही अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस सिलेंडरों की अनावश्यक खरीद या भंडारण न करें, क्योंकि अधिकांश एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।