सीपीवीएन के पूर्व छात्र अभिषेक कुमार ने UPSC 2025 में 532वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया विद्यालय व क्षेत्र का मान, विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह

Share
कायमगंज / फर्रुखाबाद।जनपद फर्रुखाबाद के सीमावर्ती गांव नगला मौजी (जनपद एटा) के मूल निवासी मेधावी छात्र अभिषेक कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा वर्ष 2025 में 532वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। मध्यम कृषक परिवार से ताल्लुक रखने वाले अभिषेक बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लगनशील रहे हैं।अभिषेक कुमार ने अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा नगर कायमगंज स्थित सीपीवीएन शिक्षण संस्थान से प्राप्त की थी। जैसे ही उनकी यूपीएससी में सफलता की खबर विद्यालय पहुंची, पूरे विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रबंधन ने अपने इस मेधावी पूर्व छात्र से संपर्क कर उन्हें विद्यालय आमंत्रित किया।विद्यालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में प्रबंधन और शिक्षकों ने अभिषेक कुमार को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।अपनी सफलता पर अभिषेक कुमार ने विनम्रता से इसका श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय प्रबंधन और गुरुजनों को दिया और सभी का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका डा. मिथिलेश अग्रवाल, प्रधानाचार्य योगेश तिवारी, विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अभिषेक कुमार के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने अभिषेक की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए अन्य छात्रों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए कहा गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *