सहारनपुर। नगर निगम में आज एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह के दौरान 10 नामित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। महापौर डॉ. अजय कुमार ने नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी नामित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उनसे महानगर के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की। शपथ ग्रहण करने वाले नामित पार्षदों में धनपाल कश्यप, मुरारी खेतवाल, मनीष सचदेवा, शिवमंगल सिंह, राजेश वालिया, जसवीर मोगा, प्रवीण रोहिला, राहुल झाम, निशांत वर्मा और अरुण गुप्ता शामिल रहे। शपथ के बाद सभी पार्षदों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सभी नामित पार्षद नगर निगम की बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शहर के विकास, जनहित और सुशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।read more:https://khabarentertainment.in/during-the-review-of-departmental-progress-presented-by-the-social-welfare-officer-when-extremely-poor-progress-was-found-in-the-schemes-salary-was-stopped-and-instructions-were-given-to-seek/
उन्होंने कहा कि इन पार्षदों के जुड़ने से नगर निगम को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद नगर विधायक राजीव गुंबर ने इसे कर्मठ कार्यकर्ताओं के लिए सम्मानजनक अवसर बताते हुए कहा कि सभी पार्षद मिलजुलकर कार्य करें और शहर के विकास को प्राथमिकता दें। वहीं रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि नामित पार्षदों पर अब दोहरी जिम्मेदारी है कि वे संगठन और जनता दोनों की अपेक्षाओं पर खरे उतरें। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने भी सभी पार्षदों से आह्वान किया कि वे शहर को साफ-सुथरा, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से ही सहारनपुर को विकास के नए आयाम मिल सकते हैं।इस मौके पर नगरायुक्त शिपू गिरि, अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद दिग्विजय चौहान, मुकेश गक्खड़ सहित बड़ी संख्या में पार्षद, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सदन प्रभारी जेपी यादव द्वारा किया गया। समारोह में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला और सभी नामित पार्षदों ने शहर के विकास में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।