गाजीपुर, सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास आज गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चाचा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सलेमपुर बघाईं निवासी 38 वर्षीय मनोज यादव पुत्र सत्यनारायण यादव और उनके 23 वर्षीय भतीजे संदीप यादव पुत्र रामजी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों गुरुवार को किसी काम से बाइक से निकले थे। जैसे ही वे टांड़ा चट्टी के पास पहुंचे, तभी मजुई से बहरियाबाद की ओर जा रहे अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदीप यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल मनोज यादव को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।read more:https://pahaltoday.com/serving-the-common-people-is-the-true-religion-viraj-sagar-das/
चाचा-भतीजे की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे सलेमपुर बघाईं में मातम पसर गया। मृतक संदीप की मां माधुरी देवी, बहन रुचि यादव समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं मनोज यादव की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं के विलाप से माहौल गमगीन हो उठा।बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से डंपर लेकर भाग निकला, लेकिन बहरियाबाद में वाहन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण पुलिस कार्रवाई से नाराज हो गए और तहरीर देने से इनकार कर दिया। ग्रामीण डंपर और शव को सादात थाने लाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर पहुंचे सीओ रामकृष्ण तिवारी ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने तहरीर लेकर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।