जमानियां। गुरुवार की सुबह करीब 8:30 बजे हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया था। सुबह से ही लोग उमस के कारण बेचैन थे, लेकिन अचानक शुरू हुई रिमझिम से झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।
करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले दिनों 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका पारा घटकर करीब 38 डिग्री पर आ गया। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली और कई लोग बारिश का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकल पड़े। वहीं बाइक सवार भी बारिश में भीगते हुए अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आए।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/
बारिश के बाद किसानों के बीच भी खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से मानसून का इंतजार कर रहे किसानों को अब खरीफ फसलों की बुवाई की उम्मीद बंध गई है। विशेष रूप से असिंचित क्षेत्रों के किसानों में अधिक उत्साह देखा गया, क्योंकि उनकी खेती काफी हद तक बारिश पर निर्भर रहती है। जिन क्षेत्रों में सिंचाई के सीमित साधन हैं, वहां के किसानों ने इस बारिश को राहत और नई उम्मीद के रूप में देखा।किसान धर्मराज सिंह, जहांगीर खान, आजाद कुशवाहा, संसार सिंह, उपेंद्र सिंह और गयासुद्दीन खान सहित अन्य किसानों ने कहा कि समय पर हुई बारिश से खेतों में नमी आएगी और धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई का रास्ता आसान होगा। उनका कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो इस वर्ष कृषि उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।
मौसम में आए इस बदलाव से न केवल लोगों को गर्मी से राहत मिली, बल्कि किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है। अब सभी की निगाहें मानसून की अगली बारिश पर टिकी हैं, ताकि खेती-किसानी का कार्य पूरी रफ्तार से शुरू हो सके।