कला गुरु डॉ. राजकुमार सिंह की स्मृति में सजा कला का संसार, ‘सम्भावनाएँ-2026’ में प्रतिभाओं का सम्मान

Share

गाजीपुर। सम्भावना कला मंच, गाजीपुर एवं कला सूत्रम के संयुक्त तत्वावधान में प्रख्यात चित्रकार और कला गुरु रहे सम्भावना कला मंच के पूर्व संयोजक स्मृतिशेष डॉ. राजकुमार सिंह की 49वीं जयंती पर सोमवार को राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के राजदीप सभागार में ‘सम्भावनाएँ-2026’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चित्रकला प्रदर्शनी, चतुर्थ कला-लोक कार्यशाला, विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह के माध्यम से कला गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ चित्रकार एवं राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, बलिया के कला शिक्षक डॉ. इफ्तखार खाँ, विशिष्ट अतिथि साहित्य चेतना समाज के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’, वरिष्ठ कला शिक्षक एवं चित्रकार डॉ. सूर्यनाथ पाण्डेय, जगत नारायण सिंह तथा राहुल सांस्कृत्यायन विद्यालय, गौसपुर के संस्थापक राम नगीना कुशवाहा ने मां सरस्वती एवं डॉ. राजकुमार सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

कार्यशाला में सैकड़ों विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

‘सम्भावनाएँ-2026’ के अंतर्गत आयोजित कला-लोक चित्रकला कार्यशाला में राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, एमजेआरपी पब्लिक स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज यूसुफपुर, ग्लोरियस प्वाइंट ददरी घाट, सेंट जॉन्स स्कूल, राहुल सांस्कृत्यायन माध्यमिक विद्यालय गौसपुर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी तथा छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।कार्यशाला में वरिष्ठ चित्रकार डॉ. इफ्तखार खाँ और केंद्रीय हिंदू बॉयज स्कूल, वाराणसी के कला शिक्षक डॉ. आशीष गुप्ता ने चित्र बनाकर विद्यार्थियों को कला की बारीकियों से परिचित कराया। उनके प्रदर्शनात्मक चित्रों ने प्रतिभागियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया।

read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette

डॉ. इफ्तखार खाँ और पंकज शर्मा को मिला सम्मान

सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 तथा नेपाल के अंतरराष्ट्रीय नोबेल टैलेंट पुरस्कार-2024 से सम्मानित वरिष्ठ कला शिक्षक एवं चित्रकार डॉ. इफ्तखार खाँ को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर ‘डॉ. राजकुमार सिंह स्मृति कला सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं, ललित कला अकादमी, नई दिल्ली से ड्राइंग के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले गाजीपुर के हरिबल्लमपुर निवासी चित्रकार पंकज शर्मा को ‘सम्भावना कला रत्न सम्मान’ प्रदान किया गया। सम्मान के अवसर पर प्रशस्ति पत्र का वाचन सम्भावना कला मंच के सह संयोजक डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों को भी पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

चित्र प्रदर्शनी में कलाकारों की कृतियों ने खींचा ध्यान

आयोजन में सुधीर सिंह, बृजेश कुमार, विनोद प्रजापति, शिवांशी शर्मा, कृष्ण कुमार पासवान, आदित्य भारद्वाज, सत्यम मौर्य, मनीष कुशवाहा, अवधेश प्रजापति और उत्कर्ष सिंह सहित विभिन्न कलाकारों की चित्रकृतियां प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी ने कला प्रेमियों को कलाकारों की कल्पनाशीलता, रंग संयोजन और रचनात्मक अभिव्यक्ति से रूबरू कराया।इस दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने कला शिक्षा के महत्व, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने डॉ. राजकुमार सिंह के कला जगत में योगदान को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में साहित्य चेतना समाज के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी, गरुण टॉकीज के संस्थापक संजीव श्रीवास्तव, डॉ. ऋतु श्रीवास्तव, सहजानंद प्रधान, प्रवीण श्रीवास्तव, मनोज सिंह सहित अनेक कला प्रेमी एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय तिवारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सम्भावना कला मंच की अध्यक्ष सीमा सिंह ने किया।

— डॉ. राजीव कुमार गुप्ता सह संयोजक, सम्भावना कला मंच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *