बाराबंकी। तहसील रामनगर में आरक्षण व्यवस्था में बदलाव, एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों की समीक्षा और यूजीसी से जुड़े नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को सवर्ण समाज की ओर से जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्ञानू सिंह के संयोजन और अमित सिंह की अगुवाई में निकली पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजकों ने हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया। बुढ़वल स्थित अतिथि गृह से शुरू हुई पदयात्रा बुढ़वल चौराहा और बदोसराय मार्ग होते हुए रामनगर तहसील परिसर पहुंची। हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव, आर्थिक आधार पर अवसर उपलब्ध कराने और यूजीसी से जुड़े नियमों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सामान्य वर्ग में भी बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार हैं। आर्थिक तंगी के कारण ऐसे परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को भी प्रमुखता देने की मांग की। ज्ञापन में आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, परीक्षा शुल्क में छूट और प्रतियोगी परीक्षाओं में आयु सीमा में राहत जैसी सुविधाएं देने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा इसके प्रावधानों की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि कानून का उद्देश्य वंचित और उत्पीड़ित वर्गों को सुरक्षा प्रदान करना है, लेकिन किसी भी कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक प्रावधानों की समीक्षा होनी चाहिए।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/पदयात्रा के दौरान विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से संबंधित नियमों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभावान विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए समान अवसर मिलना चाहिए। इस दौरान प्रदर्शनकारी “तिलक, तराजू और तलवार, नहीं सहेगा अत्याचार” और “यूजीसी वापस लो” समेत विभिन्न नारे लगाते रहे। पदयात्रा के रामनगर कस्बे में पहुंचने पर सत्यम ओझा, हर्षित ओझा, स्वतंत्र तिवारी, वैभव तिवारी और हर्ष ओझा ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तहसील परिसर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आकांक्षा गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन में आरक्षण, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मांगों पर सरकार से आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई। पदयात्रा में सतीश शुक्ला, प्रभात सिंह, दद्दन सिंह, विवेक सिंह, विशाल सिंह, मोनू सिंह, मनोज मिश्रा, अखिलेश पांडे, दुर्गेश मिश्रा, महेंद्र लोधी, ललित लोधी, बलराम मिश्रा, कमलेश रावत, प्रभात शुक्ला, प्रदीप रावत, अमरेश रावत, सुधीर कनौजिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपे जाने के साथ ही पदयात्रा का समापन हुआ।