सहारनपुर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह आज (मंगलवार) प्रातः 10 बजे सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी सभागार (जनमंच), गांधी पार्क में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सुमीर बोबडे, विशेष कार्याधिकारी एवं अतिरिक्त विशेष सचिव (कुलाधिपति) भी उपस्थित रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), मोहाली के प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी दीक्षांत भाषण देंगे। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई ने बताया कि इस वर्ष विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के 22,315 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 7,582 छात्र तथा 14,733 छात्राएं शामिल हैं। सभी उपाधियां डिजीलॉकर में भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाणपत्र आसानी से प्राप्त हो सकेंगे। दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को कुल 99 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 87 कुलपति स्वर्ण पदक, 6 कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा 6 प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। कुल 28 छात्र और 71 छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जो उच्च शिक्षा में छात्राओं की उत्कृष्ट उपलब्धि का प्रमाण है। समारोह के दौरान कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल विभिन्न आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 100 किट वितरित करेंगी।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/ विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांवों के विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छह छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालयों के छात्र पर्यावरण संरक्षण एवं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के तीन उत्कृष्ट शिक्षकों (प्रो. राजबीर सिंह (गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान), डॉ. रोहित राणा (आर.के. पीजी. कॉलेज, शामली) तथा डॉ. सुदर्शन मिश्रा (गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान)कृको भी सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। कार्यक्रम को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं तथा छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है।