कानपुर देहात भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट संविधान कक्ष में श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके महान विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक समानता, न्याय, शिक्षा और मानवाधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहा है। उनके विचार और सिद्धांत वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे।जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा एक समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों का पालन ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और बाबा साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
5-