नई दिल्ली, केशवकुंज में भारतीय चित्र साधना और संघ प्रचार विभाग, दिल्ली प्रांत की ओर से हिंदी लघु फिल्म ‘ठंडक’ का प्रदर्शन एवं परिचर्चा आयोजित किया गया। इस मौके पर फिल्म की निर्माता ऋचा गुप्ता, लेखक और मुख्य कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में फिल्म के माध्यम से सामाजिक समरसता, पारिवारिक प्रेम, मानवीय संवेदना और समाज की रूढ़ियों पर विचार रखे गए।बनारस की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म एक पिता और उसके बेटे के गहरे रिश्ते को बेहद भावुक अंदाज में पेश करती है। कहानी में बेटे की मृत्यु के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर पिता के सामने एक कठिन स्थिति आती है। बेटे को आग से डर लगता था, इसलिए पिता समाज और परंपराओं की परवाह किए बिना उसे दफनाने का फैसला करता है। इस फैसले के जरिए फिल्म यह सवाल उठाती है कि किसी व्यक्ति की भावनाएं और उसकी अंतिम इच्छा अधिक महत्वपूर्ण है या समाज द्वारा बनाई गई परंपराएं। पिता का यह कदम प्रेम, संवेदना और अपने बच्चे के प्रति उसके लगाव को दिखाता है। फिल्म की खास बात इसकी सरल कहानी, ठेठ बनारसी भाषा और वास्तविक लोकेशन है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ कलाकारों का अभिनय और बनारस का स्थानीय माहौल कहानी को जीवंत बनाता है। इसमें काशी के जीवन, वहां के लोगों, साधु-संतों और समाज के अलग-अलग रंगों को करीब से दिखाया गया है। फिल्म यह भी समझाती है कि किसी इंसान को उसकी जाति, धर्म या सामाजिक पहचान से नहीं, बल्कि उसकी भावनाओं और मानवीय व्यवहार से समझना चाहिए।इस कहानी की तुलना कुछ वर्ष पहले आए उपन्यास पर आधारित फिल्म ‘दोजख’ से भी की गई। जहां उस फिल्म में एक मुस्लिम पिता अपने बच्चे का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से करता है, वहीं ‘ठंडक’ में एक पिता अपने बेटे को दफनाता है। दोनों कहानियां अलग-अलग परिस्थितियों के माध्यम से इंसानियत और आपसी सम्मान का संदेश देती है।परिचर्चा के दौरान निर्माता ऋचा गुप्ता ने फिल्म के निर्माण की प्रक्रिया और बनारस से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को साझा किया। वहीं कलाकारों और लेखक ने भी फिल्म से जुड़े अनुभव बताए। उन्होंने बताया कि कहानी को वास्तविक जीवन के करीब रखने के लिए स्थानीय परिवेश और भाषा पर विशेष ध्यान दिया गया।परिचर्चा संचालन मीडिया शिक्षक डॉ. अतुल गौतम ने किया। इस अवसर पर रश्मि जैन, मीडिया शिक्षक प्रो. बिजेंद्र कुमार, अन्य शिक्षक, विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे। फिल्म ने दर्शकों को यह सोचने का अवसर दिया कि समाज में प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता को स्थान देकर ही सच्ची सामाजिक समरसता स्थापित की जा सकती है।