*कौशांबी ब्लास्ट के बाद उन्नाव में पटाखा कारोबार पर पुलिस की नजर*

Share
उन्नाव। कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद उन्नाव पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने जिले में पटाखा फैक्ट्रियों और दुकानों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पुलिस टीम ने अबासपुर स्थित पटाखा बाजार में दुकानों का निरीक्षण कर लाइसेंस, पटाखों के भंडारण और सुरक्षा मानकों की जांच की।जांच के दौरान पुलिस ने दुकानदारों से लाइसेंस और दुकान में रखे पटाखों के स्टॉक की जानकारी ली। साथ ही यह भी देखा गया कि पटाखों का भंडारण निर्धारित क्षमता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं। पुलिस ने दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारियों को फैक्ट्रियां चिन्हित करने के निर्देश
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखा बनाने वाली फैक्ट्रियों को चिन्हित कर उनकी जांच करने के निर्देश दिए हैं। फैक्ट्रियों के लाइसेंस, स्वीकृत भंडारण क्षमता, तैयार किए जा रहे पटाखों और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी।
जिले के चिमियानी, बीघापुर और मौरावां क्षेत्र में पूर्व में पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *