महिला चोर गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, सात गिरफ्तार

Share

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और त्योहारों के दौरान महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने के आभूषण चोरी करता था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1,87,200 रुपये नकद, करीब 2.10 लाख रुपये कीमत के पीली धातु के आभूषण, तीन एंड्रॉयड मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त करीब 13 लाख रुपये कीमत की बोलेरो बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस की विभिन्न चैकियों की टीम ने सहिजन खुर्द स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर के पास घेराबंदी कर बोलेरो सवार सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पुरुष आरोपी किशन कुमार बोलेरो चलाता था और अलग-अलग स्थानों पर रेकी कर भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा धार्मिक स्थलों को चिह्नित करता था। इसके बाद महिला सदस्य भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के गले से सोने के आभूषण पार कर देती थीं। चोरी के आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु का लॉकेट, अंगूठी, ओम लिखा लॉकेट, एक जोड़ी झाला, कान के टॉप्स और नकदी बरामद की है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर रॉबर्ट्सगंज की चार और ओबरा की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में अर्चना, रीना, अंशिका, नेहा उर्फ काजल, अंजली, सुनीता देवी और किशन कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *