*फिरोजाबाद*। APK फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर साइबर ठगी के मामले में साइबर सेल ने पीड़ित के 89 हजार रुपये वापस करा दिए। थाना जसराना क्षेत्र के अजय कुमार पुत्र राकेश कुमार के साथ साइबर अपराधियों ने 1.29 लाख रुपये की ठगी की थी।पीड़ित ने घटना की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने संबंधित बैंक और भुगतान माध्यमों से समन्वय कर ठगी की रकम को ट्रेस कर होल्ड कराने की कार्रवाई की।पुलिस के प्रयास से 24 सितंबर को 89 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराना जरूरी है, जिससे ठगी की रकम को समय रहते होल्ड या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है।
*APK फाइल से रहें सावधान*
पुलिस ने लोगों से अनजान APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की अपील की है। WhatsApp, Telegram और SMS के जरिए भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। किसी अनजान एप को Accessibility, SMS या Notification जैसी संवेदनशील अनुमति न दें। बैंक, KYC, रिफंड, नौकरी या निवेश के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक और फाइल से भी सावधान रहें। OTP, UPI PIN, ATM PIN और CVV किसी के साथ साझा न करें।